जम्मू में एम्स को लेकर जम्मू कश्मीर हाई कोर्ट बार एसोसिएशन और एम्स कोआर्डिनेशन कमेटी के सदस्यों ने हाई कोर्ट रोड पर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जम्मू में एम्स की मांग को लेकर 15 अगस्त तक जम्मू बंद को स्थगित किया है। जम्मू में एम्स स्थापित करने को लेकर आर्डर नहीं जारी हुए तो फिर से आंदोलन होगा।
एम्स कोआर्डिनेशन कमेटी के चेयरमैन और जम्मू कश्मीर हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के प्रधान अभिनव शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने जम्मू में एम्स को लेकर अनुचित आर्डर जारी करके जम्मूवासियों को गुमराह करके आंदोलन को दबाने का प्रयास किया है।
केंद्र सरकार ने एम्स को लेकर जम्मू और कश्मीर में जमीन तलाश करने के लिए पत्र जारी किया है। पत्र में कहीं पर भी जम्मू में एम्स बनाने की बात नहीं कही है। भाजपा ने एम्स जारी करने की बात कहकर प्रधानमंत्री का धन्यवाद करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जम्मू को एम्स दे दिया है तो केवल जम्मू के नाम का पत्र जारी करे।
शर्मा ने जम्मूवासियों से कहा कि वह भाजपा के बहकावे में न आएं। बार एसोसिएशन के प्रधान सीनियर एडवोकेट वेदराज वजीर, बीएस सलाथिया और अशोक ने जम्मू बंद को 15 अगस्त तक के लिए स्थगित करने के लिए कमेटी का धन्यवाद व्यक्त किया। पूर्व डिस्ट्रिक्ट एंड सेशन जज पवित्र सिंह ने कहा कि भाजपा ने जम्मूवासियों को पूरी तरह से निराश कर दिया है।