एम्स मुद्दे पर पिछले पांच दिनों से जारी जम्मू बंद को नाकाम बनाने के लिए तय रणनीति के तहत मंगलवार को भाजपा नेता और कार्यकर्ता सक्रिय रहे।
अपने संबंधित इलाकों जिसमें भाजपा के विधायक और अन्य नेता शामिल हैं, वे भी सड़क पर आकर दुकानदारों को दुकानें खोलने की अपील करते और एम्स मामले पर भाजपा के रुख से अवगत करवाते नजर आए।
जम्मू पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक सत शर्मा सीए, जम्मू पूर्व के विधायक राजेश गुप्ता, वरिष्ठ नेता युद्धवीर सेठी आदि ने अपने संबंधित क्षेत्रों में दुकानों को खोलने और लोगों को बंद को नाकाम बनाने की अपील की। इस अपील के बाद उनके कुछ समर्थकों ने दुकानें खोलीं। पुरानी मंडी स्थित सब्जी मंडी भी मंगलवार को खुली।
उधर भाजपा मुख्यालय कच्ची छावनी में भी नेताओं और कार्यकर्ताओं की सरगर्मी रही। महासचिव संगठन अशोक कौल ने जम्मू बंद से उत्पन्न हालात पर नेताओं से चर्चा की और रणनीति पर हो रहे कामकाज की भी समीक्षा की।