जम्मू। भाजपा नेता देवेंद्र सिंह राणा ने दावा किया जम्मू-कश्मीर में भाजपा अगली सरकार बनाएगी। लोगों के भारी समर्थन से केंद्र शासित प्रदेश शांति, प्रगति और समग्र विकास के एक नए युग की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
पार्टी मुख्यालय जम्मू में शुक्रवार को साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान राणा ने कहा विकसित जम्मू-कश्मीर एक वास्तविकता बनने जा रहा है। अनुच्छेद 370 के हटने के बाद पहली बार जम्मू और कश्मीर के दोनों क्षेत्रों में प्रगति और विकास के समान अवसर देखने को मिल रहे हैं। यह लगभग सात दशकों तक एक प्रांत के दूसरे प्रांत पर प्रभुत्व के काले दौर के बाद हुआ है। अब जम्मू के लोगों के अधिकारों के साथ कभी समझौता नहीं किया जाएगा। पिछली सरकारों ने न केवल जम्मू क्षेत्र के गौरव और मानस को ठेस पहुंचाई है, बल्कि लोगों को रोजगार, प्रगति, विकास और आर्थिक अवसरों से वंचित और भेदभाव किया है।