बेशक भाजपा की अमीराकदल से प्रत्याशी हिना भट्ट अनुच्छेद 370 के हटने पर बंदूक उठाने की बात कहती हों, लेकिन पार्टी के जम्मू संभाग के प्रत्याशी इस पर बहस चाहते हैं। यही नहीं, पार्टी के बड़े नेता भी इस पर खुली बहस चाहते हैं, ताकि पता चल सके कि यह हटे तो क्यों हटें, न हटे तो क्यों न हटे।
भाजपा को इस बात से भी कोई परहेज नहीं कि अलगाववादी भाजपा के साथ जुड़ जाएं। 370 को लेकर ‘अमर उजाला’ ने जम्मू संभाग के कुछ प्रत्याशियों से बात की। जिन्होंने 370 पर बहस करने की बात कही। पार्टी के नेशनल एग्जीक्यूटिव मेंबर भी इस पर बहस कराने के पक्ष में हैं।
पार्टी के पूर्व राज्य प्रधान एवं पार्टी के मौजूदा नेशनल एग्जीक्यूटिव मेंबर शमशेर सिंह मन्हास का कहना है कि भाजपा ने हमेशा से यह कहा है कि अनुच्छेद 370 पर बहस होनी चाहिए। इसे लेकर उनकी पार्टी का कोई प्रत्याशी अपनी राय देता है तो उसकी यह व्यक्तिगत राय है।
हो सकता है कि हिना भट्ट के बयान को गलत ढंग से पेश किया हो या फिर उनसे गलती से कुछ कहा गया हो। पार्टी के एजेंडे में 370 पर बहस होना हमेशा से रहा है और आगे भी रहेगा।
पार्टी के राज्य उपाध्यक्ष एवं विजयपुर से पार्टी प्रत्याशी चंद्र प्रकाश गंगा का भी कहना है कि इस पर खुली बहस होनी चाहिए। इसे लेकर कोई सांप्रदायिक माहौल नहीं बन रहा। पार्टी 370 को लेकर चुनाव नहीं लड़ रही, पार्टी विकास का मुद्दा लेकर चुनाव लड़ रही है।
बहस होनी चाहिए
बतौर भाजपा प्रत्याशी कोई क्या बयान देता है, इस पर कुछ नहीं कहना लेकिन वह खुद चाहते हैं कि अनुच्छेद 370 पर बहस होनी चाहिए। इसके फायदे और नुकसान बहस के बाद ही पता चलेंगे।
सत शर्मा सीए, भाजपा प्रत्याशी, जम्मू पश्चिम
किसी को इसका पता ही नहीं
हर कोई अनुच्छेद 370 को लेकर बयान देता है। दरअसल, लोगों को अभी तक पता ही नहीं कि यह है क्या। किसी को पता ही नहीं, इसके फायदे और नुकसान क्या हैं। इसलिए चर्चा होनी चाहिए।
आरएस पुरा प्रत्याशी, भाजपा, गगन भगत
व्यक्तिगत राय मान्य नहीं
भाजपा के एजेंडे में अनुच्छेद 370 मुख्य रूप से शामिल रहा है। कोई इसे लेकर क्या सोचता है, यह उसकी व्यक्तिगत राय है। पार्टी अपने एजेंडे पर कायम है और इस पर बहस होनी चाहिए।
बिश्नाह भाजपा प्रत्याशी, अश्विनी शर्मा