जम्मू-कश्मीर के बारामुला से नेशनल कांफ्रेंस के उम्मीदवार अकबर लोन के देश विरोधी नारेबाजी पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी ने चुनाव आयोग से लोन का पर्चा खारिज करने की अपील की है। प्रदेश महासचिव युद्धवीर सेठी ने कहा कि लोन ने साल 2018 में भी विधानसभा में देश विरोधी नारे लगाए थे। इसलिए उसके खिलाफ देशद्रोह का मामला भी दर्ज किया जाना चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता अश्विनी कुमार चुरंगू ने नेशनल कांफ्रेंस के उम्मीदवार मोहम्मद अकबर लोन के वोटों के ध्रुवीकरण के लिए राष्ट्र विरोधी नारे लगाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पार्टी मुख्यालय में सोमवार को पत्रकार वार्ता में चुरंगू ने कहा कि चुनाव आयोग को अकबर लोन के खिलाफ कड़े कदम उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कश्मीर में पीडीपी और नेशनल कांफ्रेंस में होड़ लगी हैं दोनों पार्टियों में सबसे ज्यादा अलगाववादियों के करीब कौन है।
इन दोनों पार्टियों के साथ कांग्रेस भी शामिल है जिससे राष्ट्र के हितों को रियासत में नुकसान पहुंच रहा है। इसके अलावा भाजपा के कश्मीर प्रवक्ता अलताफ ठाकुर ने कहा कि उनके खिलाफ केस दर्ज किया जाए। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी डा. प्रदीप महोत्रा, नानाजी देशमुख लाइब्रेरी के प्रभारी कुलभूषा मोहत्रा भी मौजूद रहे।