आग पर काबू पाते दमकल कर्मी और मौके पर जुटी भीड़स्रोत सोशल मीडिया
दमकल की पांच गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
बिश्नाह। गांव नजवाल में कंपनी के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आगजनी का मामला सामने आया है। आगजनी के चलते गोदाम में रखा सेनिटेशन का लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियां बुलाई गई। इसके बाद देर शाम तक गोदाम से धुआं सुलगता रहा। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर 3 बजे गोदाम में आग की लपटें निकलना शुरू हो गई। गोदाम में तैनात कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे लेकिन आग को फैलते देख काबू पाना मुश्किल हो गया। देखते ही देखते पूरे गोदाम में आग फैल गई।
इस मौके पर पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया गया। दमकल विभाग ने पहुंचते ही आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। तकरीबन 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया परंतु तब तक आगजनी में गोदाम में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। गोदाम के कर्मियों के अनुसार प्रथम दृष्टता से आगजनी शॉर्ट सर्किट के चलते हुई है।
इस मौके पर थाना प्रभारी बिश्नाह राकेश सिंह जमवाल ने बताया कि आगजनी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकल विभाग की तरफ से आग पर काबू पाया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।