कठुआ। जिला कठुआ पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अपनी मुहिम को जारी रखते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। लखनपुर पुलिस ने कीड़ियां क्षेत्र में नाका लगाकर एक अंतरराज्यीय नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 279 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जैसी मादक पदार्थ बरामद किया गया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि वीरवार को सूचना के आधार पर थाना लखनपुर की टीम ने थाना प्रभारी नीरज चौधरी के नेतृत्व में कीडियां क्षेत्र में विशेष नाका लगाया। इस दौरान पंजाब से पंजीकृत पीबी08बीएस-8806 मोटरसाइकिल को रोका गया। जिसे सबीर पुत्र नाजिम निवासी जहानपुरा, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) चला रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से 279 ग्राम हेरोइन जैसी मादक पदार्थ बरामद हुआ। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।