बाड़ी ब्राह्मणा। बिजली विभाग ने पुरानी तारों की जगह नईं तारें लगानी शुरू कर दी हैं। अमर उजाला में जर्जर तारों को लेकर लोगों से बातचीत करने के बाद समाचार प्रकाशित किया गया था। खबर प्रकाशित होते हुए बिजली विभाग हरकत में आया, और शुक्रवार को डोलिया क्षेत्र में नई और मोटी तारें लगानी शुरू की।
इन तारों की हालत काफी खस्ता थी, और जमीन से थोड़ी ऊंचाई पर थीं। तारें लटकी हुई थीं, लोगों द्वारा लकड़ी के डंडे के बीच फंसा कर काम चलाया जा रहा था। उस समस्या को बिजली विभाग द्वारा खत्म कर दिया गया है। लकड़ी के डंडे को हटा दिया गया है। पुरानी तारें जो बिल्कुल जर्जर हो गई थीं, उनकी जगह नई तारें डाली जा रही हैं, जिससे लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोग बिजली विभाग के साथ-साथ अमर उजाला का भी धन्यवाद कर रहे हैं। उनकी इस समस्या का निवारण हो गया है। लोगों ने बताया कि हर समय वह दहशत के साये में जी रहे थे। क्योंकि आए दिन बिजली की तार टूट रही थी, जिससे कोई जानवर या इंसान उसकी चपेट में आ सकता था। अब इस समस्या से निजात मिल गई है।
इस मौके पर वार्ड नंबर-10 के पार्षद प्रवीण कुमार ने बताया कि बिजली के तारों की समस्या से उनके वार्ड के लोग जूझ रहे थे, लेकिन बिजली विभाग द्वारा उनकी समस्या का निवारण किया गया है। नई और मोटी तारें लगाई जा रही हैं।