रियासी। कुछ दिनों से हो रही बिजली की कटौती के बाद लोगों में रोष की स्थिति बनी हुई है। लोगों का कहना है कि कई वर्ष बीत जाने के बाद भी रियासी में बिजली व्यवस्था में कोई ज्यादा सुुधार नहीं आया है। शुक्रवार शाम को नगर के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बंद हुई बिजली सुबह होने के बाद ही लौटी।
लोगों को पूरी रात बिजली के उपकरण चलाए बिना ही गुजारनी पड़ी और इंवरटर के सहारे रात काटी। स्थानीय निवासी विशाल शर्मा, गौरव, राकेश कुमार, सुशैन दुबे, शाम पंडोह, राहुल अबरोल, विनय शर्मा ने कहा कि बिजली की अघोषित कटौती एक सप्ताह से भी ज्यादा समय से जारी है। दिन हो या फिर रात का समय कई कई घंटों के लिए बिजली बंद हो जाती है। इसके अलावा बार-बार बिजली का आना जाना भी लगा रहता है। ट्रांसफार्मर व वोल्टेज एक स्थान पर स्थिर नहीं रह पा रहे हैं। लोगों के अनुसार नगर में कई बार दिन में भी स्ट्रीट लाइट जल रही होती है, लेकिन रात को वह बंद हो जाती है। पूरे नगर की कई गलियों में अंधेरा छाया होता है। लोगों के अनुसार विभाग बिजली की सेवा को दुरुस्त होने का दावा करता है, लेकिन आज भी विभाग बिजली की आपूर्ति को सही तरीके से देने में कई बार विफल हो जाता है। बिजली के ढांचे को सही करने में जो करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं। वह पानी में डूबते हुए नजर आते हैं। बिजली की लगातार कटौती क्यों हो रही है। संपर्क करने के बाद भी किसी अधिकारी का फोन नहीं मिल पाया।