ज्यौड़ियां। खौड़ बिजली रिसीविंग स्टेशन पर 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर के पहुंचने पर लोगों ने अमर उजाला का आभार जताया है। लोगों का मानना है कि खौड़ उपजिले की छह पंचायतों सहित म्यूनिसिपल कमेटी खौड़ के सभी 13 वार्डों के लोगों को लो-वोलटेज तथा बिजली की जबरदस्त कटौती का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को अमर उजाला ने प्राथमिकता से उठाया था। इसके फलस्वरूप शनिवार को खौड में 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर पहुंचा है। अब यहां की बिजली में सुधार आएगा।
वार्ड नंबर छह के पार्षद दीपक सिंह भाऊ ने बताया कि हमने बिजली समस्या को लेकर दो बार रोड जाम कर प्रदर्शन भी किया था, लेकिन अमर उजाला की तरफ से हमारी इस समस्या को प्रमुख रूप से लिया गया और आज हमारी समस्या का समाधान हुआ है।
म्यूनिसिपल कमेटी चेयरमैन डिप्टी राम, पंचायत पगांली के सरपंच पठान सिंह, देरियां के सरपंच मूलराज आदि ने बताया कि हमारी आसपास की छह पंचायतों तथा म्यूनिसिपल कमेटी के 13 वार्डों में खौ़ड रिसीविंग स्टेशन से ही बिजली आती है और यहां पर 6 एमवीए की क्षमता का ट्रांसफार्मर होने पर लोगों को बिजली की भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर आ गया अब बिजली आपूर्ति में सुधार आएगा। बिजली समस्या से निजात मिलने पर पंचायत पगांली, देरियां, हमीरपुर सिदड़, सैंथ, घिगडयाल, बदोवाल आदि के लोगों ने अमर उजाला का आभार जताया है ।