जम्मू। तापमान में गिरावट आने के साथ ही बिजली कट कम लग रहे हैं। पहले जहां छह से सात घंटे के लंबे कट लोगों को सहन करने पड़ रहे थे। अब आधा से पौना घंटा ही बिजली गुल हो रही है। इससे लोगों को ज्यादा परेशान नहीं हो ना पड़ रहा। विद्युत विभाग के अनुसार बीते तीन दिनों से मौसम अनुकूल होने के कारण बिजली लोड नहीं बढ़ रहा है। देर शाम तक बिजली की सबसे ज्यादा डिमांड 1110 से 1120 मेगावाट के बीच चल रही है। इस कारण बिजली कट कम लग रहे हैं। आने वाले समय में बारिश हो जाती है तो बिजली कट लगने बंद हो जाएंगे। पहले तापमान में बढ़ोतरी होने के कारण बिजली की सर्वाधिक डिमांड 1230 मेगावाट के करीब चल रही थी। इस कारण पांच से छह घंटे के लंबे कट लोगों को सहन करने पड़ रहे थे। रात के समय लगने वाले कटों से लोगों की नींद भी खराब हो रही थी। पीडीडी के कार्यकारी अभियंता पीडी सिंह ने कहा कि गर्मी और उमस में कमी आने से कुछ राहत मिली है। लोड में बढ़ोतरी नहीं हो रही है। इस कारण कट लगने का समय घट गया है।