रियासी। जिला मुख्यालय तथा अन्य क्षेत्रों में भारत बंद का असर नहीं दिखा। व्यापारिक प्रतिष्ठान खुले रहे। इन सबके बीच किसान तहरीक के सदस्यों ने मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
सोमवार को किसान तहरीक के सदस्य जिला प्रधान सोहन लाल शर्मा के नेतृत्व में स्थानीय डाक बंगला के बाहर इकट्ठा हुए। मौके पर केंद्र सरकार की आलोचना की। कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है।
दिन ब दिन महंगाई की वजह से किसान की हालत खराब हो रही है। किसान वर्ग अपनी जायज मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहा है। जिला के किसानों की बारिश से तबाह हुई फसल का मुआवजा देने की मांग की गई। इसके साथ ही किसानों को मुफ्त राशन, बिजली तथा रसोई गैस सिलेंडर देने को कहा गया।
मौके पर सभी ने एकजुटता दिखाते हुए अपनी मांगों को ले कर नारेबाजी की। वहीं भारत बंद का रियासी, पौनी, अरनास, माहौर, दरमाड़ी और थुरू कहीं पर भी असर नहीं देखा गया। सोमवार सुबह अन्य दिनों की भांति ही बाजारों की दुकानों को खोला गया। यातायात सुविधा भी जिले में सुचारू रही।