छोटा कश्मीर और मिनी स्वीटजरलैंड जैसे नामों से मशहूर भद्रवाह की हसीन वादी में दो दिवसीय भद्रवाह फेस्टिवल का वीरवार को आगाज हो गया।
भद्रवाह डेवलपमेंट अथारिटी द्वार आयोजित इस फेस्टिवल का उद्घाटन मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद और उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
इस मौके पर आरएंडबी राज्य मंत्री सुनील शर्मा, वन मंत्री बाली भगत, डोडा विधायक शक्ति राज परिहार, विधायक दिलीप परिहार मुख्य रूप से मौजूद रहे।
इस मौके पर अपने संबोधन में मुफ्ति मोहम्मद सईद ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देना बहुत जरूरी है। पूरे राज्य में इस सिलसिले में सकारात्मक पहल की जा रही है।
फेस्टिवल के विधिवत उद्घाटन के बाद डोडा, भद्रवाह, कश्मीर और जम्मू की डोगरी संस्कृति पर आधारित विभिन्न तरह के रंगारंग कार्यक्रम पेश किए गए।
इस दौरान मुख्यमंत्री मुफ्ती ने कहा कि भद्रवाह की वादी गुलमर्ग से कम नहीं है, लेकिन यहां बहुत काम करने की आवश्यकता है।
भद्रवाह के जाई में गोल्फ कोर्स और स्केटिंग का एलान करते हुए उन्होंने जम्मू-कश्मीर के टूरिज्म सेक्रेटरी को निर्देश दिए कि तुरंत इसकी डीपीआर तैयार कर इस पर काम शुरू करें।
किसी भी कीमत पर काम अधर में नहीं लटके, इसकी विशेष हिदायत भी मुख्यमंत्री ने दी। डोडा-बटोत के बीच बगलिहार डेम के कारण बनी झील का जिक्र करते हुए मुफ्ती ने कहा कि इसको भी टूरिज्म के लिहाज से विकसित किया जा सकता है। यह भी बहुत अच्छा स्थान है।