जम्मू। यदि आपका लाड़ला अपने किसी साथी के साथ मोबाइल पर लूडो खेल रहा है, आपके बार-बार बुलाने पर भी बात नहीं सुनता। यदि वह घंटों तक मोबाइल पर लूडो खेल रहा है तो सावधान हो जाइए। संभव है कि आपका लाड़ला लूडो के नाम पर जुआ खेल रहा है। लॉकडाउन में लोगों को लूडो खेलते देखा जा रहा है। बच्चों से लेकर बूढ़े तक इसमें शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार लूडो के नाम 200 रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक की बाजी लगाई जाती है, क्योंकि मोबाइल है तो किसी को शक भी नहीं होता कि कोई जुआ खेल रहा है। हकीकत तो यह है कि लूडो की आड़ में जुआ खेला जा रहा है। इस पर पुलिस कोई कार्रवाई करने में सक्षम नहीं है, क्योंकि मोबाइल के नाम पर खेली जाने वाली यह गेम रोकी नहीं जा सकती, इसलिए पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर पा रही। ग्रामीण इलाकों से शहर तक यह गेम मोबाइल पर खेली जा रही है।
पबजी सहित अन्य गेम्स पर भी हो चुका है घमासान
बता दें कि मोबाइल पर बहुत सी गेम्स होती हैं। पबजी सहित अन्य गेम्स को लेकर भी कई बार घमासान हो चुका है। इन गेम्स से बच्चों से लेकर युवा वर्ग प्रभावित हो रहा है।