जम्मू-कश्मीर की खूबसूरती अब सिर्फ देश में ही नहीं, विश्व में सामने लाई जाएगी। इसके लिए पर्यटन विभाग जर्मनी के बर्लिन में 180 देशों के सामने जम्मू और कश्मीर के हर हिस्से की खूबियां और खूबसूरती को दिखाएगा।
यहां दुनिया के सबसे बड़े एक हजार से ज्यादा निवेशक मौजूद रहेंगे। बर्लिन में रामबन जिले के बटोत का भी जिक्र होगा। यह ईको टूरिज्म के साथ ही हेल्थ टूरिज्म के लिए भी प्रचलित है। विदेश में ज्यादातर लोग हेल्थ टूरिज्म को काफी पसंद कर रहे हैं।
बर्लिन में विश्व का सबसे बड़ा ट्रेवल ट्रेड शो- आईटीबी बर्लिन 6 से 10 मार्च तक होगा। दुनिया भर के लाखों लोग यहां पहुंचेंगे। इसमें एक हजार से ज्यादा इंवेस्टर, ट्रेवल एजेंट समेत विभिन्न देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इन लोगों के बीच जम्मू कश्मीर पर्यटन विभाग भी मौजूद रहेगा।
पर्यटन विभाग के जम्मू संभाग के निदेशक ओम प्रकाश भगत और कश्मीर संभाग के निदेशक निसार अहमद वानी इस विश्व स्तरीय शो में राज्य प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों अधिकारी मंगलवार को बर्लिन के लिए रवाना हो गए।
बड़े निवेशकों को लाने और बिजनेस टू बिजनेस पर फोकस
ट्रेवल ट्रेड शो में दोनों अधिकारी पीपीटी, वीडियो विजुअल के जरिये जम्मू कश्मीर की खूबसूरती को प्रदर्शित करेंगे। साथ ही शो के मंच से विश्व भर से आए प्रतिनिधियों और लोगों करे रियासत में पर्यटन की अपार संभावनाओं के बारे में बताएंगे। उनका प्रयास होगा कि विश्व स्तर के बड़े निवेशक राज्य में दिलचस्पी लें। साथ ही दूसरे देशों के साथ बिजनेस टू बिजनेस (दूसरे देश के पर्यटकों को अपने देश के पर्यटकों के साथ साझा करना) की नीति पर चर्चा होगी।