-सतवारी से लेकर नरवाल तक लग गया भारी जाम, हलकान हुए लोग
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को जम्मू शहर में होंगे। उनके दौरे से पहले वीरवार को पुलिस और यातायात पुलिस ने सतवारी से लेकर नरवाल तक ड्राई रन रखा। ये एक तरह से अमित शाह के एयरपोर्ट से नरवाल तक जाने की व्यवस्था ही रिहर्सल थी। शाह नरवाल क्षेत्र में एक होटल में जाएंगे। पुलिस और यातायात पुलिस ने मिलकर एक घंटे तक सड़कों को अवरुद्ध कर दिया, लेकिन इस एक घंटे के ड्राई रन में ही पूरी व्यवस्था हांफ गई। शहर के गांधी नगर, वेयर हाउस, सतवारी, कुंजवानी, त्रिकुटा नगर, नरवाल समेत कई जगहाें पर भारी जाम लग गया।
देर शाम तक भी यातायात पटरी पर नहीं लौटा। आलम यह रहा कि उक्त जगहों पर करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा और इसमें लोग परेशान होते रहे, जबकि सड़कों पर तैनात पुलिस, यातायात पुलिस और सिक्योरिटी के कर्मी बेबस नजर आए। सिक्योरिटी को लेकर ड्राई रन तो कर दिया, लेकिन इसकी वजह से व्यवस्था को संभाला नहीं गया।
शाह की सुरक्षा को लेकर चप्पे-चप्पे पर नजर, ड्रोन से होगी निगरानी
एयरपोर्ट से लेकर नरवाल समेत शहर के अन्य जगहों पर करीब पांच हजार जवानों की तैनाती
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार जम्मू में दो दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। दौरे में सुरक्षा के लिए पूरे शहर में करीब पांच हजार जवानों की तैनाती की गई है। जम्मू के एयरपोर्ट से लेकर नरवाल और अन्य जगहों पर अर्धसैनिक बलों को चप्पे-चप्पे पर तैनात किया गया है। जिन-जिन जगहों पर शाह के रुकने का कार्यक्रम है, वहां पुलिस तैनात कर दी गई है और ड्रोन से निगरानी भी होगी।
जानकारी के अनुसार शाह की सुरक्षा को लेकर वीरवार एडीजीपी जम्मू ने एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में सुरक्षा बंदोबस्त को लेकर चर्चा की गई। डीआईजी जम्मू शिव कुमार शर्मा और एसएसपी जम्मू जोगिंदर सिंह ने अन्य पुलिस अफसरों के साथ मिलकर एयरपोर्ट जम्मू से लेकर नरवाल और नरवाल से कुंजवानी तक का दौरा किया। जिन जिन जगहों पर शाह के रुकने का कार्यक्रम है, वहां की सुरक्षा व्यवस्था जांची। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षाबलों को पूरी तरह से अलर्ट रहने के लिए कहा है। ताकि दौरे के दौरान किसी तरह की कोताही न हो।