संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर ने जीत के साथ सीजन का आगाज किया। कोलकाता के आदित्य अकादमी ग्राउंड में रविवार को जम्मू-कश्मीर का मुकाबला चंडीगढ़ के साथ हुआ। देरी से शुरू होने के कारण 27 ओवर का मैच हुआ।
टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चंडीगढ़ ने 27 ओवर में 111 रन का मामूली स्कोर बनाया। सारा ने 86 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से नाबाद 54 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि गुलनाज ने 40 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 30 रनों का बहुमूल्य योगदान दिया। दाएं हाथ की लेग स्पिनर और कप्तान अनन्या शर्मा ने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए 6 ओवरों में 17 रन देकर 2 विकेट लिए। दाएं हाथ की मध्यम तेज गेंदबाज आन्वी सिंह ने 4 ओवर में 15 रन देकर एक विकेट लिया।
112 रनों का पीछा करने उतरी जम्मू-कश्मीर के सलामी बल्लेबाज आफरीन मलिक और मान्या बनोत्रा ने पहले 8 ओवरों में 41 रन बनाए। मगर अफरीन 30 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 16 रन बनाकर रनआउट हो गईं। मान्या और रुद्राक्षी चिब ने 12.2 ओवर में स्कोर 66 रन तक पहुंचा दिया। मान्या ने 45 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 28 रन बनाए, जबकि रुद्राक्षी ने 17 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 19 रनों का योगदान दिया। बाद में पारी में शानू देवी 11 और आन्वी सिंह 7 ने धैर्य बनाए रखा और 27वें ओवर में अपनी टीम को जीत दिलाई।
जेकेसीए की उप समिति के सदस्यों ब्रिगेडियर अनिल गुप्ता, मिथुन मन्हास और सुनील सेठी ने टीम को जीत के लिए बधाई दी। जम्मू-कश्मीर टीम के साथ प्रबंधक के रूप में रवि डोगरा और नेहा सलाथिया, कोच के रूप में हुवैद हामिद और ज्योति बाला, प्रशिक्षक के रूप में रोहित राणा, वीडियो विश्लेषक शेख सुहैल, और बिस्मा गुलज़ार फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में शामिल हैं।