रियासत के बाढ़ प्रभावित क्रिकेट मैदानों का शीघ्र बीसीसीआई की टीम जायजा लेगी। बीसीसीआई के विशेषज्ञ इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि यहां राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले करवाए जाएं या नहीं। श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में होने वाले अंडर 16 विजय मर्चेंट के दो मुकाबलों को पंजाब में शिफ्ट कर दिया गया है।
जम्मू के जीजीएम साइंस कालेज की हास्टल ग्राउंड पर रणजी सहित अन्य दूसरे मुकाबले शेड्यूल के मुताबिक होंगे। चेन्नई से बीसीसीआई की वर्किंग कमेटी की बैठक में पहुंचे जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव एमएल नेहरू ने बताया कि बाढ़ से श्रीनगर के मैदान को काफी नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने बताया कि बैठक में बाढ़ से क्रिकेट मैदानों और अन्य गतिविधियों को हुए नुकसान के बारे में जानकारी दी गई, जिसमें बीसीसीआई से राज्य के मैदानों की स्थिति का जायजा लेने को कहा गया। इसमें बीसीसीआई ने हामी भरते हुए अगले 10-15 दिन के भीतर विशेषज्ञों के दल को रियासत में भेजने की बात कही है।
विशेषज्ञों की टीम श्रीनगर और जम्मू के मैदानों का जायजा लेगी। बीसीसीआई की ओर से भरोसा दिलाया गया है कि क्षतिग्रस्त हुए क्रिकेट ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए हरसंभव मदद की जाएगी। बाढ़ से दोनों ही मैदानों पर पानी भर गया था। हिमाचल प्रदेश में हो रहे अंडर 19 आयु वर्ग के मुकाबलों को अक्तूबर के शुरू से कुछ दिन आगे स्थगित कर दिया गया है।
रियासत में अंडर 19 टीम के चयन के लिए प्रक्रिया जारी है। बाढ़ के कारण उत्पन्न हुए हालात से सिलेक्शन प्रक्रिया में देरी हुई है। जम्मू में दिसंबर माह में रणजी के मुकाबले आयोजित हो रहे हैं। उल्लेखनीय है कि रियासत से रणजी मुकाबलों के शिफ्टिंग होने को लेकर क्रिकेटरों और जेकेसीए पदाधिकारियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी।