सांबा बार एसोसिएशन ने की घोषणा, मंडलायुक्त ने मामले के निपटारे के लिए मांगा है 9 अगस्त तक का समय
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिला कोर्ट परिसर में शनिवार को प्रेसवार्ता कर बार एसोसिएशन सांबा ने घोषणा की है कि 9 अगस्त तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। एसोसिएशन के प्रधान मंदीप सिंह ने कहा कि शुक्रवार को उन्होंने मंडलायुक्त जम्मू रमेश कुमार से मुलाकात कर मांग की थी कि एसडीएम घगवाल के साथ वकीलों के मामले का निपटारा किया जाए। इसके लिए मंडलायुक्त ने 9 अगस्त तक का समय मांगा है। अब जब तक मांगों को पूरा नहीं किया जाता, वकीलों की हड़ताल जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि शनिवार दोपहर 12 बजे सभी वकील एक जोरदार प्रर्दशन करने वाले थे। इसमें संभाग की सभी बार के सदस्यों को पहुंचना था। लेकिन, मंडलायुक्त के आश्वासन पर प्रर्दशन को स्थगित कर दिया गया है। वकील एसडीएम घगवाल के तबादले और सब रजिस्ट्रार की अलग से तैनाती की मांग कर रहे हैं। गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को एसडीएम घगवाल सुनैना सैनी और एक वकील के बीच भूमि की रजिस्ट्री को लेकर बहस हो गई थी। इसमें एसडीएम ने वकील के खिलाफ पुलिस में मामला दायर करवाया। तब गत सोमवार को बार एसोसिएशन के सदस्यों ने घगवाल में एसडीएम कार्यालय में प्रर्दशन किया। दोनों ओर से काफी हंगामा भी हुआ। इसे लेकर बार एसोसिएशन ने काम छोड़ दिया और हड़ताल शुरू कर दी। अब यह हड़ताल 9 अगस्त तक जारी रहेगी।
-
विवाद का शीघ्र निपटारा करे प्रशासन
घगवाल में शनिवार को समाजसेवियों ने एक बैठक कर जम्मू-कश्मीर प्रशासन से अपील की है कि एसडीएम घगवाल और बार एसोसिएशन के बीच उपजे विवाद का शीघ्र हल निकाला जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिले। इस विवाद से आम लोग परेशान हो रहे हैं। उनके काम रुके हुए हैं। मौके पर करण सिंह सलारिया, विशंभर दास, सेवानिवृत हेडमास्टर चरण दास, पंच रेनू बाला, पंच नरेश बाला, कुलदीप वर्मा, आदि उपस्थित रहे।