जम्मू विश्वविद्यालय के जिम्नेजियम हाल में चल रही नार्थ जोन अंतर विश्वविद्यालय महिला बैडमिंटन चैंपियनशिप में मेजबान जम्मू विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। वीरवार को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए जम्मू विश्वविद्यालय की जीएनडीयू अमृतसर के साथ भिड़ंत होगी।
इसके अलावा पीयू चंडीगढ़, एमडीयू रोहतक, पीटीयू जालंधर ने भी शानदार प्रदर्शन कर अगले दौर में जगह बनाई। पुरुष वर्ग में मेजबान का सफर खत्म हो गया है। महिला वर्ग के मुकाबलों में जम्मू विश्वविद्यालय ने दून विश्वविद्यालय देहरादून को एकतरफा मुकाबले में 2-0 से शिकस्त देकर अगले दौर में जगह बनाई।
विजेता टीम के खिलाड़ियों ने शुरू से ही सामने वालों पर जोरदार आक्रमण जारी रखे और उन्हें सफलता भी मिली। टीम के खिलाड़ियों ने प्रतिद्वंद्वियों को आगे आने का कोई मौका नहीं दिया और सीधे सेटों में जीत अपनी झोली में डाली।