पहली मार्च से तीन दिनों तक रियासत में मौसम फिर खराब होने के आसार बन रहे हैं। दो मार्च को राज्य में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। तीन मार्च को दिन भर बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हलकी बारिश की उम्मीद है।
रियासत के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में शनिवार को हिमस्खलन का खतरा है, जिसको लेकर अधिकारियों द्वारा सावधानी बरते जाने के निर्देश दिए गए हैं, जिनमें कश्मीर घाटी के बांडीपोरा, कुपवाड़ा, हंदवाड़ा, कुलगाम, शोपियां और कारगिल के कई इलाके शामिल हैं।
उधर, शुक्रवार को श्रीनगर से जम्मू की ओर छह हजार वाहन रवाना हुए, जिसमें 35 हजार ट्रक और 25 सौ यात्री वाहन शामिल रहे। यातायात अभी भी एकतरफा जारी है।
गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान माइनस 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज कि या गया। कारगिल का न्यूनतम पारा माइनस 8.8 डिग्री सेल्सियस एवं लेह का माइनस 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।