परगवाल। बैक टू विलेज कार्यक्रम के तीसरे चरण को लेकर सीमा क्षेत्र परगवाल के लोगों की अलग-अलग राय सुनने को मिल रही है। कुछ लोगों का कहना है कि यह प्रशासन की अच्छी पहल है। इससे लोगों की शिकायतें उच्च अधिकारियों तक पहुंचेंगी, जिससे समाधान होने की संभावना होगी।
वहीं कुछ लोगों का मानना है कि इस कार्यक्रम से कोई फायदा होने वाला नहीं है। क्योंकि बहुत सारी सरकारी योजनाएं आम लोगों तक नहीं पहुंच पाती हैं। क्योंकि कुछ सरकारी बाबुओं की मिलीभगत से फायदा उन लोगों को नहीं मिल पाता जो उसके असली हकदार होते हैं।
ऐसे कुछ लोगों का कहना है कि सभी सरकारी मुलाजिम अगर अच्छे तौर तरीके से काम करें तो ऐसे कार्यक्रमों की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। ज्ञात रहे कि राज्य सरकार पंचायत सशक्तीकरण के लिए एक अपूर्व प्रयास कर रही है, जिसके तहत वरिष्ठ राजकीय अधिकारी प्रत्येक पंचायत का दौरा करेंगे, जिनके साथ सभी विभागों के कर्मचारी मौजूद रहेंगे। अधिकारी ग्राम पंचायत में 3 दिन रुकेंगे तथा ग्राम सभा में जनता से विचार-विमर्श करेंगे। शिकायतों का जायजा लेकर अधिकारी पंचायत की मांगों को ऊपर तक पहुंचाएंगे। वहीं जनता के सुझाव के बाद प्लान बनाया जाएगा। संवाद