भद्रवाह। बैक टू विलेज कार्यक्रम के तहत चिनौत पंचायत में आए पीडीडी के प्रधान सचिव एच. राजेश प्रसाद ने वीरवार को पंचायत घर अखरोट बाग में ग्रामसभा का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने हाई स्कूल मथोला में अपने असली नायकों को जानें पहल का शुभारंभ किया। इससे युवा पीढ़ी देश के शहीदों के बारे में जान सकेगी।
अधिकारी ने अखरोट बाग में ग्रामसभा के दौरान उठाई गई मांगों को लिखा, और संबंधित अधिकारियों को सभी संभव कार्यों एवं मांगों की डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाई स्कूल मथोला में महिला सभा और बाल सभा की। उन्होंने एचएस मथोला में बच्चों को खेल किट बांटीं। मौके पर डीडीसी विशेष पॉल महाजन, एसएसपी अब्दुल कयूम, एडीसी भद्रवाह चौधरी दिल मीर, आदि मौजूद थे। प्रधान सचिव ने एचएस मथोला से जिला प्रशासन की एक पहल अपने असली नायकों को जानें का शुभारंभ किया।
बताया कि नो योर रियल हीरोज जिला प्रशासन की एक विशेष पहल है। इसके तहत जिले के हर स्कूल में सेना, अर्धसैनिक और पुलिस के 150 शहीद जवानों की फोटो लगाई जानी है, ताकि युवा पीढ़ी जिले के असली नायकों के बारे में जान सके। मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रहलाद भगत ने इन तस्वीरों को जिले के हर स्कूल में लगाने का आश्वासन दिया। कहा कि यह पहल हमारे नायकों को समाज में उनका उचित सम्मान देने के अलावा युवाओं में देशभक्ति की भावना पैदा करेगी। शुभारंभ समारोह के दौरान एचएस मथोला के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।