रियासी जिले के पनासा क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ बाबा की ओर से दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित नाबालिग ने रविवार को जम्मू के शालामार अस्पताल में एक मरी हुई बच्चे को जन्म दिया। आरोपी बाबा फरार है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बाबा की तलाश तेज कर दी है।
बताया जाता है कि पिछले कुछ वर्ष से एक बाबा पनासा में रह रहा था। पहले वह आम के बाग में रहता था। बाद में किसी ने उसे अपने खाली घर में रहने को जगह दी। उस घर के पास ही नाबालिग अपने परिवार के साथ रह रही है। कुछ दिन पहले नाबालिग के बढ़े हुए पेट की तरफ ध्यान देने के बाद उसकी मां ने पूछताछ की तो उसने बताया कि पिछले कुछ समय से घर के पास रहने वाला बाबा उस के साथ दुष्कर्म कर रहा है।
बाद में नाबालिग के परिजनों ने उसकी मेडिकल जांच कराई जिसमें नाबालिग को पांच माह से ज्यादा की गर्भवती बताया गया। शनिवार को नाबालिग के परिजन उसे लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचे जहां पर पुलिस को सारी बात बताई गई। पुलिस ने नाबालिग को जम्मू के एसएमजीएस अस्पताल में पहुंचाया जहां पर हुए एक ऑपरेशन के बाद नाबालिग को मृत बच्चा पैदा हुआ।
एसएचओ अश्विनी शर्मा ने बताया कि दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार बाबा की तलाश की जा रही है। उसके साथ जुड़़े हुए लोगों के साथ बातचीत की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ा जाएगा। फिलहाल नाबालिग का उपचार जम्मू अस्पताल में चल रहा है।