जम्मू। आयुष निदेशक डॉ. राकेश कुमार रैना व उनकी टीम ने सोमवार को भारतीय योग संस्थान का दौरा कर अध्यक्ष सत्यपाल व अन्य पदाधिकारियों से आयुष और भारतीय योग संस्थान के साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों में काम करने से संबंधित विषयों पर चर्चा की।
निदेशक ने भारतीय योग संस्थान की तरफ से योग आश्रम तैयार करने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि योग के प्रचार प्रसार में आयुष विभाग भारतीय योग संस्थान को हर तरह के समर्थन के लिए तैयार है। भारतीय योग संस्थान की तरफ से आयोजित किए जाने वाले शिविरों में स्वास्थ्य विशेषज्ञों को भी व्याख्यान के लिए भेजा जा सकता है। संस्थान के अध्यक्ष सत्यपाल ने इस अवसर पर आयुष के निदेशक व अन्य टीम के सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय योग संस्थान गैर राजनीतिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और गैर मुनाफे वाला संगठन है। पिछले 55 सालों से संगठन मानवता की सेवा के लिए तत्पर है और 3500 योग केंद्र स्थापित किए गए हैं। निशुल्क योग की शिक्षा दी जाती है। इस अवसर पर संस्थान के संरक्षक शशिकांत बटकुलिया, सचिव जिया लाल शर्मा, उपाध्यक्ष पूरण शर्मा, मंत्री सुनील शर्मा आदि भी मौजूद रहे।