सप्ताह भर चलने वाले राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह का सांबा में समापन हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिला प्रशासन के सहयोग से पविवहन विभाग ने मंगलवार को नोनाथ घगवाल में सप्ताह भर चले राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह का समापन समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर परिवहन आयुक्त राहुल शर्मा, उपायुक्त अनुराधा गुप्ता प्रमुख रूप से उस्थित रहे।
परिवहन आयुक्त ने सड़क सुरक्षा सप्ताह की रूपरेखा पर समाज के विभिन्न वर्गों को जागरूक किया। उन्होंने समुदाय के स्वयंसेवकों को कौशल प्रदान करने पर जोर दिया। उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा के प्रति यूटी सरकार की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जिले में जान बचाने और जीरो रोड डेथ होने की जरूरत है। प्रशासन ने युवाओं सहित समुदाय को फर्स्ट रेस्पोंडर प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए रक्षा मित्र अभियान चलाया है। इस वर्ष सड़क सुरक्षा सप्ताह में सांबा में वाणिज्यिक वाहन चालकों के संवेदीकरण, ब्लैक स्पॉट्स में सुधार, एमवीडी नियमों के तहत जागरूकता और लाइसेंस रद्द करने, प्रतिज्ञा समारोह, हस्ताक्षर अभियान आदि सहित विभिन्न गतिविधियों को भी आयोजित किया गया था।
समारोह भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, वीएसईपीएल और अन्य के सहयोग से आयोजित किया गया था। परियोजना निदेशक हाईवे, बीडीसी अध्यक्ष विजय टंगोत्रा, डीडीसी सदस्य सुरेश कुमार, अतिरिक्त सचिव सड़क सुरक्षा समिति, एसएसपी सांबा सुरिंद्र चौधरी, एसडीएम घगवाल रमकेश शर्मा, एआरटीओ रेहना तबस्सुम, एम्स जम्मू के डॉक्टरों की टीम, पीआरआई के अन्य सदस्य, जीडीसी के छात्र, एनसीसी, ड्राइवर, स्थानीय लोगों के अलावा अन्य लोग भी उपस्थित थे।
-
कार्यक्रम के दौरान एम्स जम्मू के डॉक्टरों की विशेष आमंत्रित टीम ने दुर्घटनाओं के गंभीर या सुनहरे समय के दौरान जीवन को कैसे बचाया जाए, हादसा होने पर घायल को कैसे फौरी उपचार देना है। हादसे के दौरान वाहन में फंसे लोगों को कैसे निकालना है। इस पर डेमो दिया। डॉक्टरों की टीम ने विस्तार से उपस्थित लोगों, छात्रों को जागरूक किया। सड़क सुरक्षा समिति के सदस्यों के बीच नाटक, कविता द्वारा जागरूक किया गया। सरकारी डिग्री काॅलेज के छात्रों ने हादसों के बचाव के लिए लघु नाटक भी पेश किया गया।
वर्ष 2023 को ओवर स्पीड चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मुहिम छेड़ी जाएगी। वाहनों की स्पीड को नियंत्रण किए जाने को लेकर उन की प्राथमिकता होगी। इसके लिए सभी प्रयास किए जाएंगे। ताकि हादसों को कम किया जा सके। स्पीड पर नियंत्रित होने से हादसे कम होंगे।
-राहुल शर्मा, परिवहन आयुक्त
-
कई वाहन चालकों ने सीट बेल्ट तक नहीं पहनी
एक सप्ताह भर चले सड़क सुरक्षा सप्ताह के समापन पर आम लोगों, छात्रों व चालकों को जागरूक किया गया, जबकि समारोह के समाप्त होने पर कई वाहन चालकों ने सीट बेल्ट तक नहीं पहनी थी। ऐसे में सड़क सुरक्षा सप्ताह का क्या महत्व रह गया है।