संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। डिग्री काॅलेज में मंलगवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया गया। इस अवसर काॅलेज कैश कमेटी और एनएसएस यूनिट की ओर से विभिन्न कार्यक्रम किए गए। प्राचार्य प्रो. रजनी भगत की देखरेख में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर उज्ज्वल कल के लिए लड़कियों का सशक्तिकरण विषय पर पोस्टर मेकिंग, नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने मनमोहक व ज्ञानवर्धक पोस्टर व स्लोगन बनाए। प्रतियोगिता के बाद जागरूकता रैली निकाली गई, जो कॉलेज परिसर से शुरू हुई और आरएस पुरा के मुख्य चौकों सहित बाजार से होते हुए महात्मा गांधी पार्क में समाप्त हुई। रैली के दौरान छात्रों ने हाथों में लिखित पोस्ट लेकर लड़कियों के बिना दुनिया, पानी के बिना दुनिया की तरह असंभव है। लड़कियों को उड़ने के लिए पंख दें, रोने और मरने का दर्द नहीं आदि नारे लगाए। बालिका शिक्षा के महत्व के बारे में स्थानीय लोगों को जागरूक करने के लिए छात्राओं की ओर से महात्मा गांधी पार्क में नुक्कड़ नाटक भी किया गया। इसमें उन्होंने लोगों को लड़कियों को आगे लाए जाने के लिए प्रेरित किया। काॅलेज छात्राओं ने नाटक से पुरुष प्रधान समाज पर कटाक्ष करते हुए बताया कि आज के समाज में सभी बराबर हैं। आज लड़कियां लड़कों से कम नहीं हैं। वह हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर रही हैं। इसलिए हम सबको बालिकाओं को आगे लाने के लिए एकजुट होना होगा। प्राचार्य ने भी राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बच्चों को संबोधित किया और कहा कि बेटी होना एक वरदान है, जो जीवन में ढेर सारी खुशियां और उत्साह लेकर आता है। उन्होंने एनएसएस यूनिट और कैश कमेटी के सदस्यों के प्रयासों की भी सराहना की, जिन्होंने राष्ट्रीय बालिका दिवस को मनाया। वहीं कई स्कूलों में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नेशनल पब्लिक हाई स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य सुषमा शर्मा ने कहा कि वर्ष 2008 में देश में बालिका दिवस मनाया गया था। सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत बालिकाओं को शिक्षा और शादी के लिए समग्र बनाया जाना है। इस योजना के अंतर्गत 18 वर्ष की आयु में राशि मुहैया कराई जाती है। परिवार की ओर से 15 वर्ष तक एक हजार रुपये प्रतिमाह राशि जमा करानी पड़ती है। इस दौरान स्कूली बालिकाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।