जनसंपर्क अभियान के तहत गांव तरेली में किसानों को उत्तम खेती की तकनीक के बारे में किया जागरूक
हाईटेक पॉली हाऊस पर आ रही 20 लाख की लागत, किसानों को पांच प्रतिशत मूल्य पर करवाया जा रहा मुहैया
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। कृषि विभाग जिले के किसानों को आत्मनिर्भर बना रहा है। विभाग ने चार किसानों को पॉली हाऊस सस्ते दामों पर मुहैया करवाए हैं। जनसंपर्क अभियान के तहत उत्तम खेती की तकनीक सहित फसलों को बीमारी से बचाने के प्रति किसानों को जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा किसानों को पांच प्रतिशत मूल्य पर पॉली हाऊस दिया जा रहा है। हाइटेक पॉली हाऊस पर 20 लाख रुपये की लागत आती है।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बंपर फसल की पैदावार के लिए किसानों को ऑर्गेनिक खेती के प्रति प्रोत्साहित किया। उन्होंने खाद व पेस्टीसाइड का इस्तेमाल रोकने पर जोर दिया। किसान जनसंपर्क अभियान में किसानों को पॉली हाऊस की खरीद-फरोख्त और रखरखाव के बारे में भी बताया जा रहा है।
हमें हाईटेक पॉली हाऊस दिया गया है। इसे तैयार किया जा रहा है। इसमें गर्मी, सर्दी बरसात में हाईब्रीड सब्जियों को तैयार कर सकेंगे। खाद और पेस्टीसाइड का इस्तेमाल नहीं करेंगे। हमारे क्षेत्र में पहला हाईटेक पॉली हाऊस बनाया जा रहा है। इससे आय में भी बढ़ोतरी होगी।
कुलदीप कुमार
किसान राजपुरा, सांबा।
हम सब्जी लगा रहे हैं। अब हमें कृषि विभाग की ओर से पॉली हाऊस दिया गया है। इसमें हम हर मौसम में सब्जी पैदा करेंगे। बरसात हो या गर्मी इसमें सब्जी पर कोई असर नहीं होगा।
वंदना शर्मा
महिला किसान सांबा।
हमारा मुख्य कारोबार सब्जी पैदा करना है। कृषि विभाग की ओर से बताया गया कि खाद, पेस्टीसाइड का इस्तेमाल नहीं करना है। हम ऑर्गेनिक खेती कर रहे हैं। इसमें बाजार में उनकी सब्जी के दाम अधिक मिल रहे हैं।
पंकज कुमार
किसान सांबा।
जनसंपर्क अभियान चलाकर किसानों को आय बढ़ाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। मशरूम की खेती, ऑर्गेनिक खेती, सब्जियां पैदा करने के बारे में जागरूक किया जा रहा है। वहीं, किसानों को पॉली हाऊस के बारे में जागरूक किया जा रहा है। जिले में चार पॉली हाऊस किसानों को सौंपे गए हैं। चार अभी बन रहे हैं। हाइटेक पॉली हाऊस पर 20 लाख रुपये की लागत आती है। किसान को पांच प्रतिशत ही देना है, बाकी का सरकार देती है। लोग पॉली हाऊस से खुद जाकर सब्जी खरीद सकेंगे। किसान को अच्छे दाम भी मिलेंगे। महिलाओं को मशरूम की खेती के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
सरदार मदन गोपाल सिंह
मुख्य कृषि अधिकारी सांबा।