- कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल सतवारी में पुलिस की पाठशाला, एसएसपी ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पढ़ाया पाठ
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। राजकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल सतवारी में बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन ने पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया। इसमें एएसपी ट्रैफिक फैजल कुरैशी ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि अगर कोई नाबालिग बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाता पकड़ा गया तो 25 हजार रुपये का जुर्माना और माता-पिता को सजा का प्रावधान है।
युवा बालिग होने पर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाए, तभी वाहन चलाएं। मेटाडोर-बस में सफर करते समय अगर ड्राइवर तेज आवाज में गाने बजाए तो ट्रैफिक पुलिस को शिकायत कर सकते हैं। अगर अपनी कार में सफर कर रहे तो खुद और दूसरों को सीट बैल्ट पहनने के लिए प्रेरित करें। एसएसपी ने कहा कि सड़क हादसों में ज्यादा मौतें होती हैं। वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग नहीं करना चाहिए। शहर में जगह-जगह सीसीटीवी से ट्रैफिक नियमों का पालन करवाया जा रहा है। नगर निगम में इंटेलीजेंस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लगा है, जहां से वाहनों पर नजर रखी जाती है और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों का ऑनलाइन चालान किया जाता है। पुलिस की पाठशाला में स्कूल की वरिष्ठ लेक्चरर राशिदा अख्तर, लेक्चरर लक्ष्मीकांत शर्मा लेक्चरर। डीटीआई सुनील सिंह भी मौजूद रहे।
बच्चों ने पूछा - रोड कैसे क्रॉस करें
नौवीं कक्षा की जानवी ने पूछा कि सड़क पर वाहन चलते रहते हैं, ऐसे में रोड कैसे क्रॉस करें। इस पर एसएसपी ने कहा कि हर चौक में जेबरा क्रॉसिंग होती है। इसके साथ ट्रैफिक लाइट में सिग्नल आता है, जिसके बाद पैदल चलने वाले लोग सड़क पार कर सकते हैं। दसवीं कक्षा की रेणुका ने पूछा कि अगर नाबालिग ट्रैफिक नियम तोड़ता है तो परिवार को सजा क्यों। इस पर एसएसपी ने कहा, ताकि अभिभावक बच्चों को इस तरह का काम करने नहीं दें। दसवीं की नीतिक सडरयाल और सोनिया भगत ने ट्रैफिक लाइट के बारे में पूछा। नौवीं कक्षा की अनुष्का कुमारी ने पूछा कि अगर रेड लाइट हो और एंबुलेंस आए तो क्या उसे जाने दिया जाता है। इस पर एसएसपी बोले, एंबुलेंस को रेड लाइट क्रॉस करने की इजाजत दी गई है।