रियासी। सड़क सुरक्षा माह के तीसरे दिन वीरवार को नगर के मुख्य बस अड्डे पर सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रम आयोजित कर यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया गया। डोगरी गायक रूमालो राम तथा सरस भारती ने विभिन्न प्रस्तुतियों से लोगों को यातायात के नियम पढ़ाए। सबरंग कला संगम के कलाकारों ने नाटक के जरिये जागरूक किया। कार्यक्रम में मौजूद आरटीओ जम्मू धनंतर सिंह, एसीडी अनिरुद्घ राय, एआरटीओ राजेश गुप्ता और म्युनिसिपल कमेटी के चेयरमैन सुदेश कुमार पुरी ने कहा कि नियमों का पालन करके ही कीमती जानें बचाई जा सकती हैं। लोगों को संदेश दिया गया कि वह नाबालिग बच्चों को बिना लाइसेंस के दोपहिया या फिर कोई भी अन्य प्रकार का वाहन चलाने को नहीं दे। कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने डिबेट के जरिये अपने विचार रखे और यातायात नियमों का पालन करने को कहा। कार्यक्रम में डिप्टी चेयरमैन योगराज रैना व सभी पार्षद भी मौजूद रहे।