जम्मू। लॉकडाउन में मरीज और तीमारदारों को निशुल्क ऑटो सेवा उपलब्ध कराने वाले चालकों ने सोमवार को पुलिस पर सख्ती बरतने का आरोप लगाया। उक्त ऑटो चालकों का कहना है कि पुलिस ने बिना स्थिति जाने कुछ ऑटो चालकों की शिकायत पर कार्रवाई की, जो गलत है। उन्होंने यह भी कहा कि दिनभर पुलिस चौकी में बैठाकर रखा गया।
निशुल्क सेवा दे रहे ऑटो चालक विक्की ने कहा कि कुछ ऑटो चालकों ने जीएससी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई थी। सोमवार को जब हम जीएमसी के बाहर ऑटो लगा रहे थे, तो पुलिस ने हमें चौकी बुलाया। चौकी इंचार्ज ने कहा कि तुम लोग दूसरों के स्टैंड से ऑटो चला रहे हो, तुम्हें जुर्माना भरना पड़ेगा। इस पर ऑटो चालक विक्की ने कहा कि हम निशुल्क सेवाएं दे रहे हैं। लॉकडाउन हटने के बाद ही अपने स्टैंड से ऑटो चला सकते हैं। पुलिस को सारी बात बताने के बात भी उनकी नहीं सुनी गई और सोमवार को उन्हें ऑटो नहीं चलाने दिया गया। वहीं ऑटो चालक विक्की और कमल कुमार को दिनभर पुलिस चौकी में रखा गया। इन लोगों का कहना है कि निशुल्क सेवा देने के बावजूद हमारे साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है। यह काफी दुख:द है।
मामले में बख्शी नगर थाना प्रभारी धर्मपाल का कहना है कि ऑटो चालक नियमों का पालन नहीं कर रहे थे। इस कारण उन्हें चौकी में बुलाया गया था। कोई आदेश जारी नहीं होने तक सभी ऑटो बंद रहेंगे।