घर को जेसीबी की मदद से तोड़ती पुलिस व प्रशासनिक टीम।
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाड़ी ब्राह्मणा के बलोले खड्ड इलाके में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाए गए 33 ढांचों को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों के अनुसार करीब 60 करोड़ की सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया गया है।
प्रशासन ने बताया कि बलोले खड्ड को जिले का एक बड़ा ड्रग हॉटस्पॉट माना जाता है। यहां बने अवैध ढांचों का इस्तेमाल कथित तौर पर नशीले पदार्थों, खासकर हेरोइन, के भंडारण छिपाने और सप्लाई के लिए किया जा रहा था। यह इलाका लंबे समय से नशा तस्करों और अपराधियों का सुरक्षित ठिकाना बना हुआ था।
यह कार्रवाई सांबा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुज कुमार और सिविल प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में चलाए गए अभियान के तहत की गई। इस दौरान राज्य औद्योगिक विकास निगम की करीब 50 कनाल जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। पुलिस के अनुसार इस इलाके के कई बदनाम तस्करों के खिलाफ 35 से अधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट के कई केस भी शामिल हैं। इनमें मोहम्मद बारू, मंशु, दहुआ बीबी, फरमान अली उर्फ मुन्ना और अन्य कई आरोपी शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि कब्जामुक्त कराई गई जमीन की चारदीवारी कर दी गई है और दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए फ्लडलाइट्स भी लगाई गई हैं। पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’ के तहत की गई है और नशे के पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।