सांबा। जिले के सुपवाल क्षेत्र में घर से बुला कर एक युवक को तेजधार हथियारों से जान से मारने की कोशिश करने वालों को पुलिस अभी सुराग नहीं लगा पाई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने शनिवार की रात और रविवार को दिन में संभावित स्थानों पर दबिश दी।
सूत्रों के अनुसार पहले आशंका जताई जा रही थी कि हमलावरों में कुछ दूसरे राज्य के हैं। जबकि स्थानीय पुलिस के अनुसार हमलावर स्थानीय हैं, जिनमें रामगढ़ व आरएस पुरा के आसपास के क्षेत्रों से हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पुलिस उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है। घायल युवक के बयान दर्ज करने के लिए पुलिस गई थी, लेकिन युवक की हालत नाजुक होने पर बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं। सनद रहे कि शनिवार को सुपवाल क्षेत्र के देविका के निकट सुनसान क्षेत्र में विजयपुर रंधावा कॉलोनी निवासी बलविंद्र सिंह को कुछ युवकों ने बुलाया व उस पर पहले गोलियां दागीं। बाद में तेजधार हथियार से उसे जान से मारने की कोशिश की गई। घायल को अमृतसर ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। अभी तक पुलिस हमलावरों तक नहीं पहुंच पाई है।