गांव पिंडी सरोचां की घटना, घायल जीएमसी जम्मू रेफर, हालत नाजुक
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। गांव पिंडी सरोचां के खेत में बकरियां चरा रहे पिता-पुत्र पर तेजधार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। मनोहर लाल ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार मनोहर लाल और उसका बेटा घर के बाहर खेतों में बकरियां चरा रहे थे। उनके पड़ोसी जगमोहन और पत्नी ने इसका विरोध शुरू कर दिया। मनोहर लाल ने मौके से बकरियां खेतों से बाहर निकालकर सड़क किनारे चराना शुरू कर दी। इतनी देर में जगमोहन, पत्नी और बेटा गारा राम बाइक से पहुंचे और मोटरसाइकिल से टक्कर मारकर मनोहर लाल के बेटे जगदीश राज (18) को गिरा दिया।
इसके बाद जगमोहन और उसके बेटे ने जगदीश राज के सिर आैर टांगों पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। उन्होंने बेटे को छुड़वाने आए पिता मनोहर लाल पर भी हमला कर दिया। उसने बड़ी मुश्किल से हमलावरों से जान बचाई।
इसके बाद जगमोहन का भाई सोहन लाल वारदात वाली जगह पर पहुंच गया। उसने पहुंचते ही कुदाल से जगदीश राज के सिर पर वार कर दिया। इससे जगदीश राज बुरी तरह से घायल हो गया। राहगीरों ने मौके पर शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद पड़ोस के लोग इकट्ठे हो गए और घायल को उप जिला अस्पताल आरएस पुरा पहुंचाया। वहां पर उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों द्वारा जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है। वहां पर उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
नाले की सफाई को लेकर था विवाद
मनोहर लाल ने बताया कि घर केे आगे निकलते नाले की सफाई को लेकर हमेशा उनका जगमोहन के परिवार के साथ मतभेद होता रहा है। बुधवार को बकरियां चराने का सिर्फ बहाना बनाया गया है। योजना के साथ जगमोहन के पूरे परिवार ने मिलकर उसके बेटे और उस पर हमला किया है। हमलावर हमें जान से मारना चाहते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वारदात में तेजधार हथियारों से हमला किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
-इरशाद राथर, एसपी हेड क्वार्टर