जम्मू संभाग के बिश्नाह क्षेत्र में नशा तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर तस्करों और उनके सहयोगियों ने हमला कर दिया। पुलिस कर्मियों को आरोपियों ने लाठियों से पीटने के बाद बंधक बना लिया। किसी तरह से पुलिस कर्मी मौके से भाग सके। घायल पुलिस कर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें- कारगिल युद्धः जब विक्रम बत्रा से पाकिस्तानी घुसपैठिया बोला- हमें माधुरी दीक्षित दे दो, ऐसा मिला जवाब
बिश्नाह पुलिस ने इस संदर्भ में सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ा है, जो इस हमले में शामिल बताया जा रहा है।
जानकारी अनुसार जिला स्पेशल ब्रांच के दो पुलिसकर्मी गणेश दत्त और फजल चौधरी एक सूचना के आधार पर बिश्नाह के दयोली गांव में नशा तस्कर को पकड़ने गए थे। जैसे ही वह तस्करों के ठिकाने पर पहुंचे, तो पहले से घात लगाकर बैठे तस्करों ने दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया। उनके साथ मारपीट कर उन्हें बंधक बना लिया गया। काफी देर तक उनके साथ मारपीट जारी रही। उसके बाद किसी तरह दोनों मौके से भाग निकले।
बताया गया कि दोनों पुलिस के जवानों को तस्करों गुमराह कर झांसा दिया था। उन्हें तस्करों के छिपे होने के बारे में झूठी जानकारी दी गई थी। इस तरह से टीम को गुमराह करके ठिकाने तक लाया गया, ताकि उनके साथ मारपीट की जा सके। क्योंकि स्पेशल ब्रांच काफी समय से नशा तस्करों के खिलाफ मुहीम चला रही है।
इसी का बदला लेने के लिए दोनों पर हमला किया गया है। बिश्नाह के थाना प्रभारी ताहिर खान का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले के संबंध में एक संदिग्ध को पकड़ा गया है। आगे की जांच जारी है।