दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में बुधवार शाम आतंकियों ने पूर्व विधायक को निशाना बना कर हमला किया। इसमें एक पुलिस कर्मी की मौत हो गई जबकि विधायक की सुरक्षा में तैनात पीएसओ घायल हो गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आतंकियों ने पीएसओ की सर्विस राइफल भी लूट ली।
पुलवामा के एसएसपी रईस अहमद ने बताया कि नेशनल कांफ्रेंस के नेता और पूर्व विधायक (राजपुरा) गुलाम मोहिउद्दीन मीर एक शादी में शिरकत करने जिले के मंगहामा गांव में आए हुए थे।
यहीं आतंकियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में पूर्व विधायक की सुरक्षा में तैनात पीएसओ शब्बीर अहमद घायल हो गया। साथ ही अपने पड़ोसी की शादी में शिरकत करने पहुंचा एक पुलिस कर्मी जो अंदर खाना खा रहा था गोली लगने से घायल हो गया। उसकी शिनाख्त रियाज गनई के तौर पर हुई है।
घायलों को तुरंत नजदीक के जिला अस्पताल पहुंचाया गया। रियाज की हालत गंभीर होने के चलते उसे श्रीनगर के स्किम्स अस्पताल रेफर किया गया जहां उसने दम तोड़ दिया।
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
आतंकी इलाके से फरार न हो सकें इसके चलते अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी बुलाया गया है। ज्ञात हो कि सोमवार को दो आतंकी हमलों में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी। इसी दिन पुलिस ने श्रीनगर के सराई बाला इलाके से दो जैश आतंकियों को मुठभेड़ में मार गिराया था।
UPDATE: Terrorists attack NC leader Ghulam Mohiuddin Mir's convoy in J&K's Pulwama, one policeman injured. pic.twitter.com/6TyC9AOvZL
— ANI (@ANI_news) May 25, 2016