उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में आतंकियों ने एक पुलिस पोस्ट पर ग्रेनेड हमला किया और भाग निकले। हमले में किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर हमलावरों की तलाश तेज कर दी है।
यह भी पढ़ें- कारगिल युद्धः जब विक्रम बत्रा से पाकिस्तानी घुसपैठिया बोला- हमें माधुरी दीक्षित दे दो, ऐसा मिला जवाब
एसएसपी अब्दुल कयूम के अनुसार, अज्ञात आतंकियों ने डेलिना पुलिस पोस्ट पर सोमवार की शाम को ग्रेनेड फेंका परंतु वह बाहर ही फट गया। इस कारण कोई नुकसान नहीं हुआ है। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है तथा हमलावरों की तलाश की जा रही है। हमला किसने किया यह अभी तक पता नहीं चल पाया है।
एक ओजीडब्ल्यू गिरफ्तार, ग्रेनेड और कारतूसों के साथ गिरफ्तार
नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने सोमवार को एक ओवर ग्राउंड वर्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक ग्रेनेड व असाल्य राइफल के कारतूस मिले हैं। पकड़े गए व्यक्ति की शिनाख्त ताहिर अहमद खेश निवासी बडगाम के रूप में हुई है।
वह हिजबुल मुजाहिदीन के लिए काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम लगभग 4.30 बजे एसओजी बारामुला और सीआरपीएफ की 53वीं बटालियन की टीम नाके पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान संदिग्ध दिख रहे एक व्यक्ति को रोका गया, उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से एक ग्रेनेड, असाल्ट राइफल की दो मैगजीन व 25 कारतूस बरामद हुए। उसे गिरफ्तार कर लिया है।