पहली सूची जारी होने के बाद भाजपा में शुरू हुआ बगावत मंगलवार को और तेज हो गया। क्रास वोटिंग करने वाले जिन छह विधायकों के पार्टी ने टिकट काटे हैं, वे चुनाव मैदान में उतरने के लिए अन्य दलों के संपर्क में हैं।
इस बीच कठुआ में नाराज कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय में तालाबंदी कर दी। आरएस पुरा में पार्टी नेतृत्व का पुतला फूंका गया। उधमपुर में किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा ने इस्तीफा दे दिया।
रायपुर दोमाना के विधायक भारत भूषण तथा रियासी के बलदेव राज के पार्टी छोड़ने के संकेत मिले हैं। भारत भूषण की पैंथर्स पार्टी तथा बलदेव राज की पीडीपी और पैंथर्स पार्टी दोनों से बातचीत चल रही है।
आरएस पुरा के विधायक गारू राम ने पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया है। कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने धोखा किया है। कठुआ जिले में टिकट कटने से गुस्साए विधायकों ने चुनाव लड़ने के संकेत दे दिए हैं।