विधानसभा चुनाव के पहले चरण में नामांकन के सातवें दिन पर्चा दाखिल करने में तेजी आई। सोमवार को 24 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। लेह सीट से मंत्री नवांग रिगजिन जोरा ने नामांकन किया।
इसके साथ ही डोडा में भाजपा प्रत्याशी का नामांकन कराने के लिए केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह पहुंचे। सोमवार को डोडा में तीन, रामबन-दो, बनिहाल-चार, किश्तवाड़-दो, इंद्रवाल-तीन, गांदरबल से तीन, भद्रवाह-तीन, बांडीपोरा-दो, सोनावरी-एक और लेह से एक उम्मीदवार ने नामांकन किया। पर्चा दाखिल करने के लिए प्रत्याशी समर्थकों के साथ पहुंचे थे।
नामांकन की अंतिम तिथि पांच नवंबर है। अब तक पहले चरण की 15 सीटों के लिए 30 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। फिलहाल कारगिल से किसी ने अब तक पर्चा नहीं भरा है।
डोडा में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पहुंचे समर्थन में
पहले चरण के मतदान हेतु डोडा में तीन प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। भाजपा प्रत्याशी शक्ति परिहार का पर्चा भरवाने केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह स्वयं पहुंचे। भारी संख्या में समर्थकों ने रैली निकालकर परिहार के समर्थन में नारेबाजी की। इसके बाद डोडा से निर्दलीय महिला उम्मीदवार नुजहत इकबाल जरगर ने भी पर्चा भरा।
वहीं, 42 वर्षों के बाद डोडा से किसी महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ने जा रही है। उन्होंने बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को खत्म करने का वादा किया। नेकां उम्मीदवार खालिद नजीब सोहरवर्दी ने भी नामांकन पत्र भरा।
रामबन से दो, बनिहाल में चार ने भरा नामांकन
जिला चुनाव अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार रामबन विधानसभा क्षेत्र से सोमवार को तीन, जबकि बनिहाल में चार नामांकन पत्र भरे गए हैं। रामबन से पीडीपी के स्वामी राज भगत और भाजपा प्रत्याशी ने नामांकन भरा है। वहीं, बनिहाल से पीडीपी के बशीर अहमद रुनियाल और बहार अहमद रुनियाल, बसपा के मोहम्मद अली और एक निर्दलीय उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल किया है।
किश्तवाड़ से दो, इंद्रवाल से तीन ने भरा नामांकन
किश्तवाड़ से बसपा प्रत्याशी देशराज भगत और कांग्रेस के नेकराम मन्हास ने नामांकन किया। इंद्रवाल विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी ज्योति प्रकाश, निर्दलीय प्रत्याशी शाहनवाज अहमद और कांग्रेस के प्रत्याशी गुलाम मोहमद सरूड़ी ने पर्चे दाखिल किए हैं। कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी के समर्थन में गुलाम नबी आजाद भी किश्तवाड़ पहुंचे थे। नामांकन दाखिल करते समय वह दोनों प्रत्याशियों के साथ रहे। उनके साथ मोहम्मद असलम गोनी, एडवोकेट सुदर्शन शर्मा भी मौजूद रहे।
गांदरबल से तीन उम्मीदवारों ने भरे नामांकन
गांदरबल से मोहम्मद यूसुफ भट के अलावा गुलाम अहमद सलूरा और जावेद अहमद खान ने भी नामांकन भरे। यूसुफ भट ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर निशाना साधते हुए कहा कि इस वर्ष उन्हें गांदरबल से हार का अनुमान था।
इस कारण पहले ही अपना नाम इस चुनावी क्षेत्र से वापस ले लिया। यहां नेकां ने इश्फाक जब्बार को गांदरबल से खड़ा करने का निर्णय लिया हैं। इश्फाक नेकां नेता शेख जब्बार के बेटे हैं।
भाजपा पीडीपी और पैंथर्स प्रत्याशी ने भरा नामांकन
विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी दिलीप सिंह परिहार, पीडीपी उम्मीदवार शेख महबूब इकबाल और पैंथर्स पार्टी के नीरज सिंह मन्हास ने रोड शो और शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। उधर भाजपा प्रत्याशी के साथ केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा तथा जम्मू कश्मीर के पार्टी प्रभारी अविनाश राय खन्ना भी उपस्थित रहे।
बांडीपोरा से दो और सोनावरी से एक का नामांकन
बांडीपोरा से नेशनल कान्फ्रेंस के मोहम्मद भट्ट और आजाद उम्मीदवार गुलाम अहमद ने नामांकन भरा जबकि सोनावरी से नेशनल कान्फ्रेंस के मोहम्मद अकबर लोन ने पर्चा दाखिल किया।