नेशनल कांफ्रेंस रियासत सरकार की ओर से जनहित में किए गए विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जनादेश प्राप्त करने जाएगी। रियासत में मजबूत तथा स्थायी सरकार गठित करना उद्देश्य होगा। जनता को यह बताया जाएगा कि रियासत के लिए गठबंधन संस्कृति उपयुक्त नहीं है क्योंकि इसकी राह में बड़ी बाधाएं हैं।
सोमवार को जम्मू के शेर-ए-कश्मीर भवन में नेशनल कांफ्रेस (नेकां) की प्रांतीय चुनाव प्रचार अभियान कमेटी की हुई बैठक में चुनाव की रणनीति तैयार की गई। अधिकाधिक सीटों पर जीत हासिल करने तथा अपने दम पर सरकार बनाने का लक्ष्य तय किया गया।
बैठक में राणा ने कहा कि नेकां के हर कार्यकर्ता के जमीनी स्तर पर मेहनत करने का वक्त आ गया है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा करवाए गए जनहित कार्यों को लेकर जनता के बीच पार्टी के कार्यकर्ता जाएं तथा नेकां के लिए जनसमर्थन एकत्र करने में जुट जाएं।