कांग्रेस में उम्मीदवारों की सूची पर माथापच्ची तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रो. सैफुद्दीन सोज का कहना है कि पार्टी जल्द ही उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करेगी। सोज का कहना है कि कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है।
यहां तक पार्टी के उम्मीदवारों की घोषणा का सवाल है तो कुछ ही दिनों में उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी। बहरहाल उन्होंने रियासत में गठबंधन पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। वहीं पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सूची को लेकर कांग्रेस में माथापच्ची तेज हो चुकी है।
कई सीटों पर एक से ज्यादा दावेदार होने की वजह से पार्टी नेताओं को उम्मीदवारों को चयनित करने में माथापच्ची करनी पड़ रही है। विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के पर्यवेक्षक अपनी रिपोर्ट पार्टी र्हाई कमान को दे चुके है और जल्द ही उम्मीदवारों की पहली सूची को जारी कर दिया जाएगा। साल 2008 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने रियासत की 87 विधानसभा सीटों में से 17 सीटों पर जीत हासिल की थी।
पीडीपी की सूची 31 तक संभव
दूसरी ओर पीडीपी शेष उम्मीदवारों की सूची 31 अक्तूबर तक घोषित करने में जुटी है। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर दोमाना विधानसभा सीट पर चमन मन्याल, लाल चंद भगत व बद्रीनाथ, अखनूर विधानसभा सीट के लिए देस राज भगत व देवेंद्र शर्मा, कठुआ से सुभाष शर्मा, सरदार सुरेंद्र सिंह, अनिल अंदोत्रा, राकेश कुमार बबली के नाम पैनल में है।
छंब से मदन लाल के नाम पर मंथन चल रहा है। इसी तरह से हीरानगर से सूरज प्रकाश और गोपाल दास, बिलावर से जितेंद्र सिंह, रविंद्र शर्मा और रंगील सिंह पैनल में है। बसोहली से रंगील सिंह और जोगिंद्र सिंह, बनी से मोहम्मद सलीम लोन, खादिम हुसैन और रमेश वर्मा संभावित उम्मीदवारों की सूची में शामिल है।