श्रीनगर के सोनवार इलाके के रहने वाले असरार वानी ने दुबई कार्टड्रोम एंडुरेंस चैंपियनशिप में कश्मीर के साथ-साथ भारत का भी नाम रोशन किया। वह इस वर्ल्ड रेसिंग चैंपियनशिप में भाग लेने वाले भारतीय दल के कप्तान थे और उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया।
इससे पहले करीब 12 वर्ष पूर्व भारतीय दल ने इस चैंपियनशिप में भाग लिया गया था। जानकारी के अनुसार वीरवार शाम दुबई में हुई इस चैंपियनशिप में पूरे विश्व से 32 प्रतियोगियों ने भाग लिया और इनमें से भारतीय दल के असरार वानी ने तीसरा स्थान हासिल किया गया।
दुबई कार्टड्रोम एंडुरेंस चैंपियनशिप दुनिया में सबसे प्रतिष्ठित चार स्ट्रोक कार्टिंग इवेंट है। इस चैंपियनशिप के साल भर 4 राउंड आयोजित किए जाते हैं। दुबई से फोन पर बात करते हुए असरार ने बताया कि यह उनके लिए बेहद रोमांचक अनुभव रहा है।
पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में भाग लेने पर उन्हें काफी खुशी है। असरार ने कहा कि भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन कर चैंपियनशिप में तीसरा स्थान हासिल करना गर्व की बात है।