जम्मू। ऑल जम्मू प्राइज मनी ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों ने अपना खेल कौशल दिखाया। एरिना इंडोर बैडमिंटन हॉल चौआदी में आयोजित इस टूर्नामेंट में अंडर-13, 15 और अंडर-19 बॉयज और गर्ल्स वर्ग में मुकाबले खेले गए। रविवार को सेमीफाइनल और फाइनल के मुकाबले खेले जाएंगे। अंडर-13 में आर्या और अक्षिणी में भिड़ंत होगी।
शनिवार को खेले गए अंडर- 13 वर्ग के सेमीफाइनल में आर्या महाजन ने तेजस्विनी को 2-1 से हराया। आर्या को पहले सेट में 12-15 से हार मिली। इसके बाद अगले दो सेट में 17-15 और 15-8 से जीत हासिल की।
वहीं अक्षिणी ने किरत चौधरी को 2-1 से हराया। पहले सेट में अक्षिणी को 13-15 से हार मिली, लेकिन अगले दो सेट में उन्होंने 15-13 और 15-11 से जीत हासिल कर ली। अब फाइनल में आर्या महाजन और अक्षिणी के बीच मुकाबला होगा।
अंडर-14 गर्ल्स सेमीफाइनल में पवनी गुप्ता ने अद्विका को 2-0 (15-6, 15-2) से हराया। अंडर-19 गर्ल्स सेमीफाइनल में सुहानी शर्मा ने डायमंड राजपूत को 2-0 (15-10, 15-3) जबकि पवनी गुप्ता को अंतिमा कुंवर को 2-0, 15-7 और 16-14 से जीत हासिल की। फाइनल मुकाबला सुहानी शर्मा और अंमिता कुंवर के बीच खेला जाएगा।
लड़कों के अंडर- 13 में ये जीते
अंडर-13 बॉयज क्वार्टर फाइनल में विवान चिब, रियान गुप्ता, शाश्वत और आरव माल ने जीत हासिल कर सेमीफाइनल में जगह पक्की की। वहीं, अंडर-15 बॉयज क्वार्टर फाइनल में कार्तिक गुप्ता, हर्ष शर्मा, विवान चिब, कनिष्क ने जीत हासिल कर सेमीफाइनल में पहुंचे। अंडर-19 बॉयज सिंगल क्वार्टर फाइनल में गोपेश सिंह, उदम शर्मा और राघव शर्मा ने जीत हासिल कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। टूर्नामेंट में रविवार को सेमीफाइनल और फाइनल के मुकाबले खेले जाएंगे।