जम्मू। अरुण कुमार मेहता ने सोमवार को श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव का औपचारिक रूप से पदभार संभाला। उन्हें पूर्व मुख्य सचिव बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने मुख्य सचिव का प्रभार सौंपा। डॉ. मेहता 1988 बैच के एमजीएमयूटी (पूर्ववर्ती जम्मू कश्मीर) कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। उन्हें जम्मू-कश्मीर और भारत सरकार दोनों में प्रशासनिक अनुभव हासिल है।
इससे पहले डॉ. मेहता वित्तीय आयुक्त वित्त विभाग, प्रमुख सचिव बिजली विकास विभाग, आयुक्त सचिव सूचना प्रौद्योगिकी विभाग जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने 2015 और 2019 के बीच केंद्र सरकार में अतिरिक्त सचिव, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन और 2008 व 2012 के बीच संयुक्त सचिव शहरी विकास के रूप में भी कार्य किया। 1987 बैच के छत्तीसगढ़ कैडर के अधिकारी बीबीआर सुब्रह्मण्यम केंद्र सरकार में वाणिज्य विभाग के विशेष ड्यूटी अधिकारी के रूप में सेवाएं देंगे।