संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। पुलिस ने अपराध पर काबू पाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। नशा, पशु तस्करी व चोरों के खिलाफ शिकंजा कसा जा रहा है। एसएसपी बेनाम तोश के अनुसार एक और बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए खैर के पेड़ों की कटाई और लकड़ी चुराने वाले एक गिरोह सहित आठ चोरों को गिरफ्तार कर मामले की गुत्थी सुलझा ली है।
चोरी के तीन और मामले जिनमें 25000 मूल्य के खैर की लकड़ी के लट्ठों सहित चोरी की संपत्ति, 20000 रुपये के तांबे के सामान और 5000 मूल्य के कंटीले तार बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए आठ चोरों में हैं, छह चोरों को थाना पुरमंडल हरदेव सिंह व प्रभारी पुलिस चौकी उत्तरबेहनी रविकांत, दो चोरों को थाना बाड़ी ब्राह्मणा सुनील शर्मा की निगरानी में गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ राहुल नागर और अतिरिक्त एसपी सुरिन्द्र चौधरी की देखरेख में चोरों के खिलाफ मुहिम छेड़ी है। आठ गिरफ्तार चोरों की पहचान नरेश सिंह निवासी गुडा सलाथिया, अल्ताफ हुसैन लिवाल निवासी गुज्जर बस्ती लोअर मुंडा चंगू अनंतनाग, राजू जोलहन पुरवा असमा गोनाड (उ.प्र.), फिरोज अहमद निवासी नया कोलुवा, पयागपुर बहराइच (उ.प्र.), नासर निवासी बरी कामिला उत्तरबेहनी, सदाम उर्फ जकार निवासी ब्री कामिला उत्तरबेहनी, शुभम कुमार निवासी नकोदर पंजाब अबतेली बस्ती बाड़ी ब्राह्मणा और मिथलेश कुमार पांडे निवासी कोल्हुआर बघई गोपालगंज बिहार जो रानीबाग सतवारी जम्मू में रह रहा है।
सांबा पुलिस द्वारा एक माह में कुल 32 चोरों को गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी के निर्देश पर चोरों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर चोरी के 14 मामलों को सुलझा कर लाखों की चोरी की संपत्ति बरामद की गई है।