सांबा अबैध रूप से ले जाई जा रही भुक्कि की खेप
- फोटो : SAMBA
सांबा। उधमपुर में दो यात्री बसों में भीषण विस्फोट के बाद पूरे प्रदेश में घोषित हाई अलर्ट के बीच नशीले पदार्थ भुक्की से लदा ट्रक कश्मीर के अनंतनाग से सांबा तक पहुंच गया। तीन जिलों के आठ नाकों को लांघने में कामयाब दिल्ली जा रहे ट्रक को हालांकि सांबा के सिडको चौक पर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर ट्रक से सेब की 98 पेटियों में छिपाई की 675 किलो भुक्की बरामद की गई। तस्करी में शामिल ट्रक के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। हैरत की बात है कि अनंतनाग, रामबन और उधमपुर से होकर भुक्की की तस्करी करने वाला ट्रक 200 किलोमीटर दूर जाकर पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार कि सांबा पुलिस ने एसओजी जम्मू-सांबा के साथ मानसर मोड़ हाईवे नाका लगाया था। इस दौरान कश्मीर से आ रहे एक ट्रक (जेके03डी-4411) को रोकने का संकेत दिया। ट्रक चालक ने नाका पार्टी को देखकर वाहन की गति तेज कर भागने की कोशि की। पुलिस ने पीछा करके सिडको चौक सांबा के पास ट्रक को पकड़ लिया। वाहन की जांच के दौरान सेब के डिब्बों में 675 किलो भुक्की बरामद की गई। आरोपी व्यक्ति की पहचान मोहम्मद यूसुफ खान निवासी चतरगुल, तहसील और जिला अनंतनाग के रूप में हुई है। पुलिस ने उक्त वाहन जब्त कर लिया है। इस संबंध में सांबा थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।