विशनह क्षेत्र के चक मुरार गांव में लोगों द्वारा पकड़े गए टॉवर पर चोरी करते दोनों चोर
- फोटो : RSPURA
बिश्नाह। गांव चक मुरार में स्थानीय लोगों ने एक मोबाइल के पुराने टावर में चोरी करते हुए दो चोरों को काबू कर पुलिस को सौंप दिया। दोनों चोर टावर पर लगी एसी यूपीएस और तारों को चुरा कर भाग रहे थे।
पूर्व सरपंच भगवान दास शर्मा ने बताया कि बीते रोज भी यह दोनों चोर टावर से कुछ सामान चुरा कर ले गए थे। शनिवार को इन्होंने फिर से चोरी की वारदात को अंजाम दिया, और कीमती सामान चुराया, जिसकी स्थानीय गांववासियों को भनक लग गई। इसके बाद उन्होंने दोनों को रंगे हाथों काबू कर लिया। दोनों की पहचान सुनील कुमार निवासी गांव कोटली चाडका बिश्नाह और दूसरे की पहचान सुरेंद्र सिंह निवासी गांव सिंबल कैंप आरएस पुरा के रूप में हुई। पुलिस ने चोरों को और जिस वाहन में चोरी का सामान लाद रहे थे उसे भी पुलिस ले गई। पुलिस ने दोनों को हिरासत से पूछताछ शुरू कर दी है। संवाद