सांबा। जिले के पहाड़ी ब्लॉक सुंब व धार्मिक स्थल बाबा शिवो गौरण के लिए राज्य परिवहन निगम की बस चलाने की मांग मुखर होने लगी है। स्थानीय समलाह पंचायत के नायब सरपंच थोडू राम, पंच पोली देवी, बाबा शिवो देव स्थान कमेटी के प्रधान देसराज शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता पंकज शर्मा आदि ने जिला प्रशासन से मांग उठाई है कि पहाड़ी ब्लॉक सुंब की ओर सरकारी बस चलाई जाए, ताकि पहाड़ी क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिले। वहीं बाबा शिवो गौरण में प्रत्येक रविवार व मंगलवार को श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। ऐसे में लोगों के साथ श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने उपायुक्त अनुराधा गुप्ता से मांग की कि पहाड़ी ब्लॉक सुंब व गौरण के लिए बस शुरू कराई जाए।
यात्री वाहनों की कमी से आमजन परेशान
रामगढ़। क्षेत्र में यात्री वाहन न मिलने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विजयपूर, रामगढ़ और अरनिया जाने वाले रास्ते पर इक्का-दुक्का वाहन ही दिखाई देते हैं। वो भी समय पर नहीं चलते। इससे आमजन को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीण लोगों का कहना है कि हमें रामगढ़ के सीएचसी अस्पताल तक पहुंचाना मुश्किल हो गया है। वहीं रजनी देवी, सोनिया, मोनिका कुमारी, रेखा कुमारी, बलवंत सिंह ने कहा कि हमें और ग्रामीणों को वाहन न मिलने से काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। हम सभी की मांग है कि जल्द से जल्द यात्री वाहन को चलाना चाहिए।