श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में सुरक्षाबलों और पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन के दौरान वीरवार को जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक एके 47 राइफल, दो एके मैगजीन और 40 कारतूस के अलावा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। आतंकी की पहचान शिरपोरा के बशीर अहमद बेग के तौर पर हुई है। एसएसपी बारामुला के अनुसार बशीर ने हाल ही में दो स्थानीय युवाओं को आतंकवादी संगठन में शामिल किया था। बुधवार देर रात गुप्त सूचना मिलने के बाद सेना की 52 राष्ट्रीय राइफल्स, 176 बटालियन सीआरपीएफ और बारामुला पुलिस ने शुम्लरन इलाके में एक नाले के पास तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक शख्स ने वहां से भागने की कोशिश की लेकिन सुरक्षाबलों ने उसे धर दबोचा। पूछताछ में पता चला कि पकड़ा गया शख्स जैश का आतंकी है और उसने अपनी शिनाख्त शिरपोरा के बशीर अहमद बेग के तौर पर बताई। एसएसपी बारामुला ने बताया कि पकड़े गए आतंकी के पास से बरामद हथियार कब्जे में ले लिए हैं। उससे पूछताछ शुरू कर दी गई है। उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एसएसपी के अनुसार आतंकी बशीर अहमद मार्च के आखिर सप्ताह से सक्रिय था। इसने मार्च महीने में दो स्थानीय युवाओं को आतंकवादी संगठन में शामिल करवाया था।