पुलिस गिरफ्त में दोनों आरोपी, उनसे बरामद रुपये।
- फोटो : SHRINAGAR
जम्मू। जेएंडके बैंक यूनिवर्सिटी कैंपस के काउंटर से दस लाख रुपये चोरी के मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। चोरी 15 दिसंबर को हुई थी। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। चोरी के आरोपी दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनसे चोरी की गई राशि में से 9.40 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं। दोनों कठुआ के रहने वाले हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जम्मू, कठुआ और सांबा में भी चोरी की वारदातें कबूल की हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है।
एसएसपी श्रीधर पाटिल ने प्रेस वार्ता में बताया कि दोनों आरोपियों की पहचान संजीव कुमार निवासी वार्ड नंबर आठ कठुआ और साहिल शर्मा निवासी वार्ड नंबर छह मेन बाजार कठुआ के तौर पर हुई है। 15 दिसंबर को दोनों बैंक में आए थे। उस समय काउंटर पर पैसों का लेन-देन चल रहा था। काउंटर पर 10 लाख रुपये पड़े थे। कर्मचारी दूसरे काउंटर पर किसी काम से गया तो पीछे से दोनों पैसों के बंडल लेकर भाग निकले। बैंक कर्मचारी जैसे ही काउंटर पर लौटा तो राशि गायब थी। इसके बाद बैंक में हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें दो संदिग्धों के बारे में पता चला। बाद में चली जांच में इनकी पहचान की गई और घर का एड्रेस पता लगाया। जांच पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को कठुआ से गिरफ्तार कर लिया गया। चोरी की गई धनराशि भी इनसे बरामद कर ली गई है। चोरी के इस मामले को सुलझाने में पुलिस की तकनीकी टीम का अहम योगदान रहा।
जम्मू जिला में दो घरों में कर चुके चोरियां
पुलिस के मुताबिक इन दोनों आरोपियों के पकड़े जाने के बाद जम्मू जिला में दो घरों में हुई चोरी के मामले भी सुलझ गए हैं। ये दोनों इन चोरियों में शामिल रहे हैं। पूछताछ में इन्होंने जुर्म कबूल कर लिया है। इसकेे अलावा इन्होंने कठुआ और सांबा में भी चोरियां की है। इन मामलों में इनसे पूछताछ जारी है।
तीन दिन पहले चोरी हुई कार ट्रेस, आरोपी गिरफ्तार
कैनाल रोड से करीब तीन दिन पहले चोरी हुई कार को भी पुलिस ने ट्रेस कर लिया है। चोर को भी हिरासत में लिया है। कार को उसके असली मालिक को सौंप दिया गया है। पुलिस के मुताबिक चोर ने चोरी के बाद कार की नेम प्लेट बदल दी थी। ई-चालान के दौरान चोर को पकड़ा गया है।
मोहल्लों में संदिग्धों पर नजर रखें लोग : एसएसपी
एसएसपी ने लोगों से अपील की कि गली, मोहल्लों में संदिग्ध परिस्थितियों में घूमने वालों पर नजर रखें। संशय होने पर तुरंत 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दें। पुलिस मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर किसी के साथ चोरी की घटना पेश आती है तो वह सिर्फ रिपोर्ट लिखाने तक सीमित न रहें। तीन से चार बार थाने आकर मामले संबंधी पूछें। इससे पुलिस को भी जांच में सहयोग मिलेगा।